Sahebganj News: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक के पास टेंट-कैटरिंग संचालक की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

साहिबगंज: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक (पोखरिया) स्थित चंदन गिफ्ट हाउस के पास सोमवार अहले सुबह 45 वर्षीय मुन्ना साह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, टेंट-कैटरिंग संचालक मुन्ना साह को सिर में गोली मारी गई, जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक के पुत्र अंशु कुमार साह के लिखित आवेदन पर जिरवाबाड़ी थाना में कांड संख्या 222/26 दिनांक 09.11.2026 को बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुत्र ने हत्या के पीछे पड़ोसी पर आरोप लगाया है।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि पीछीटोला निवासी दो नामजद आरोपियों अमित कुमार उर्फ पवन कुमार (44) और रूपक कुमार पासवान (43) को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त एक पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

छापेमारी दल में नगर सर्किल इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे। दीपावली के दिन हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More