Hazaribagh News: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लेबर रूम में प्रसव सेवाएं हुई ठप

हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लेबर रूम की व्यवस्था का जायजा लेते रंजन चौधरी।

हजारीबाग: के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लेबर रूम की चिकित्सा व्यवस्था ठप्प होने और प्रसव सेवाएं बाधित रहने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। एक घटना के बाद अस्पताल के लेबर रूम में चिकित्सकों की ड्यूटी प्रभावित होने से नॉर्मल डिलीवरी और सिजेरियन ऑपरेशन दोनों सेवाएं बंद हो गई हैं। इससे प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सोमवार को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने लेबर रूम की स्थिति का जायजा लिया और मेडिकल कॉलेज के प्रभारी अधीक्षक सह उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर तथा अस्पताल प्रबंधन से मुलाकात कर पूरे मामले पर विस्तार से बातचीत की।

इस दौरान रंजन चौधरी ने चिकित्सकों के ड्यूटी पर नहीं आने और लेबर ओटी बंद रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव जैसी अति संवेदनशील चिकित्सा सेवा का ठप हो जाना बेहद गंभीर विषय है। इसका खामियाजा उन गरीब और जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो बेहतर इलाज की उम्मीद लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचती हैं।

उन्होंने लेबर रूम में कार्यरत नर्सों से भी तत्काल प्रसव सेवा सुचारू करने की अपील की। वहीं प्रभारी अधीक्षक डॉ. राजकिशोर से स्पष्ट शब्दों में कहा कि अस्पताल में इस तरह की चिकित्सीय मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अविलंब संबंधित चिकित्सकों से वार्ता कर नॉर्मल डिलीवरी और सिजेरियन ऑपरेशन की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।

सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने दो टूक कहा कि यदि चिकित्सक अपनी जिम्मेदारी निभाने को तैयार नहीं हैं तो अस्पताल प्रबंधन स्पष्ट रूप से लिखकर दे कि यहां प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं का इलाज नहीं होगा। आखिरकार सरकारी अस्पताल का उद्देश्य ही आम और गरीब लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। मातृत्व जैसी जीवनरक्षक सेवा को किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं रहने दिया जा सकता।

इधर मामले की जानकारी मिलने पर प्रभारी अधीक्षक सह उपाधीक्षक डॉ. राजकिशोर तत्काल मौके पर पहुंचे और सेवा बहाल कराने की दिशा में पहल शुरू की। अब देखना यह है कि अस्पताल प्रबंधन की पहल से लेबर रूम की व्यवस्था कितनी जल्द सामान्य होती है और गर्भवती महिलाओं को दोबारा निर्बाध प्रसव सुविधा मिल पाती है।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More