Hazaribagh News: पदमा ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपी और बरामद किए गए चोरी के जैक व बैटरी से संबंधित पुलिस कार्रवाई।

हजारीबाग: जिले के पदमा ओपी क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के दो मालवाहक वाहन उठाने वाले जैक और एक 12 वोल्ट की बैटरी बरामद की है। इस कार्रवाई से चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग की ओर से 7 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पदमा ओपी क्षेत्र के ग्राम सुजी में 21 अक्टूबर 2026 एवं 2 नवंबर 2026 की रात्रि को चोरी की घटनाएं हुई थीं। चोरों ने दीपक देव के घर तथा राम प्रसाद मेहता के टेंट हाउस में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों स्थानों से मालवाहक गाड़ी उठाने वाले जैक और 12 वोल्ट की बैटरी चोरी कर ली गई थी।

इस संबंध में 6 नवंबर 2026 को पदमा ओपी (बरही) में कांड संख्या 410/26 दर्ज किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए उद्भेदन, अपराधियों के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही एवं पुलिस निरीक्षक बरही अंचल के निर्देश पर पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल बनाया गया। इसमें पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुजूर, सहायक अवर निरीक्षक जीवन किशोर लकड़ा तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

गठित टीम ने छापेमारी के दौरान मामले में संलिप्त विक्रम कुमार (19 वर्ष), पिता ईश्वर प्रसाद मेहता, ग्राम बिहारी, थाना पदमा, जिला हजारीबाग को गिरफ्तार किया। वहीं, इस मामले में संलिप्त एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए दो जैक और एक 12 वोल्ट की बैटरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, चोरी की गई सामग्री की बरामदगी के साथ ही मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपी और निरुद्ध बालक को विधिवत न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा जा रहा है। इस संबंध में पदमा ओपी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए), 317(5) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में गठित टीम की अहम भूमिका रही।

लेखक के बारे में

By Purushottam Upadhyay

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More