Koderma News: बजरंग नगर चौक के समीप दुकान में फंदे से लटका मिला व्यक्ति का शव, आत्महत्या की आशंका

कोडरमा: जिले के तिलैया थाना अंतर्गत गौशाला रोड स्थित बजरंग नगर चौक के समीप एक दुकान में व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विनय यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, विनय यादव शराब का अत्यधिक सेवन करता था। बीती रात भी वह शराब पीकर घर लौटा था, जिसको लेकर पत्नी के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर वह गुस्से में घर की कुंडी बाहर से लगाकर कुछ दूरी पर स्थित उस दुकान में चला गया, जहां वह काम करता था। दुकान का शटर गिराने के बाद उसने अंदर ही फांसी लगा ली।
इधर, परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घर की कुंडी खोलने के बाद वे दुकान पहुंचे, जहां विनय को फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में पत्नी के साथ विवाद के बाद आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि मृतक एक टेंट हाउस में काम करता था और जिस दुकान में उसने फांसी लगाई, वहां टेंट हाउस का सामान रखा जाता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




