साहिबगंज में दीपावली के बाद सड़कों पर पसरी गंदगी, जगह-जगह बिखरे पटाखों के अवशेष

दीपावली के बाद साहिबगंज की सड़कों पर बिखरा पटाखों का कचरा।

त्योहार की खुशियों के बाद सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल, राहगीरों को हो रही परेशानी

साहिबगंज: दीपावली के दिन जहां लोगों के घरों में खुशियों के दीये जल रहे थे, वहीं त्योहार के बाद शहर की कई गलियों और मोहल्लों में गंदगी का अंबार नजर आ रहा है। जगह-जगह पटाखों के अवशेष बिखरे पड़े हैं। शहर की सड़कें और गलियां पटाखों के कचरे से अटी पड़ी हैं।

शहर के विभिन्न वार्डों, विशेषकर अंदरूनी मोहल्लों में फुलझड़ी, अनार, चकरी और अन्य पटाखों के जले हुए खोल, रंग-बिरंगे डिब्बे और कागज इंटरलॉकिंग सड़कों के किनारे बिखरे पड़े हैं।

राहगीरों को हो रही परेशानी

तस्वीरें बता रही हैं कि त्योहार की खुशियों के बाद सफाई की जिम्मेदारी भुला दी गई है। गलियों के किनारे पड़ा कचरा इस बात का गवाह है कि त्योहार समाप्त होने के बाद सफाई पर किसी का ध्यान नहीं गया। पटाखों के डिब्बों के साथ फूल-मालाएं, सूखे पत्ते, फूलों की पंखुड़ियां, सूप-डलिया, संठी के टुकड़े और घरेलू कचरा भी पड़ा हुआ है। इससे न केवल गंदगी फैल रही है, बल्कि आने-जाने वाले राहगीरों को भी इसी गंदगी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय लोगों ने बताया कि दीपावली से पहले नगर परिषद ने स्वच्छता अभियान चलाने का दावा किया था, लेकिन त्योहार के बाद गलियों से कचरा उठाने के लिए कोई सफाईकर्मी नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि नगर परिषद को त्योहारों के बाद विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए, ताकि शहर को स्वच्छ रखा जा सके।

पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि पटाखों के अवशेषों में सल्फर और पोटेशियम नाइट्रेट जैसे रासायनिक पदार्थ हो सकते हैं। ये मिट्टी और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही छोटे बच्चों और मवेशियों के लिए भी खतरनाक साबित हो सकते हैं। यदि यह कचरा नालियों में चला गया तो जल निकासी बाधित हो सकती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ सकता है।

नगर परिषद को चाहिए कि त्योहारों के बाद प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाए। साथ ही नागरिकों से भी अपील की जाए कि वे अपना कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके।

लेखक के बारे में

By संजय कुमार धीरज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More