Palamu News: मेदिनीनगर की दुर्गा बाड़ी में धूमधाम से मनी रक्षा काली और श्मशान काली पूजा

पलामू; दीपावली के अवसर पर रविवार की रात बंगीय दुर्गाबाड़ी परिसर में धूमधाम और भक्तिमय माहौल में काली पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान काली मंदिर में रक्षा काली की आराधना की गई, जबकि दुर्गा मंदिर में श्मशान काली की पूजा-अर्चना हुई।
दुर्गा बाड़ी ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष प्रसेनजीत बोराल और सचिव जयंत विश्वास ने बताया कि काली मंदिर में स्थापित रक्षा काली की प्रतिमा स्थायी है। इसका विसर्जन नहीं किया जाता है। यहां प्रतिदिन नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती है। वहीं, दुर्गा मंदिर में प्रत्येक वर्ष श्मशान काली की नई प्रतिमा बनाकर पूजा की जाती है और अगले दिन प्रतिमा का विसर्जन किया जाता है।
इस अवसर पर दुर्गा बाड़ी परिसर को इलेक्ट्रॉनिक लाइटों और दीपों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। काली मंदिर में शाम को पूजा शुरू हुई, जबकि दुर्गा मंदिर में आधी रात से पूजा-अर्चना प्रारंभ होकर देर रात तक चलती रही। दोनों पूजा आयोजनों में बंगाली समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
पूजा पंडित देवी प्रसाद बनर्जी की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूजा समिति के सचिव शिवेश मोइत्रा, सौमित्र भट्टाचार्य, दीवेंदु गुप्ता, पीपी गुप्ता, देवेश मोइत्रा, देवाशीष सेनगुप्ता, मिठू सेनगुप्ता, अमर भांजा, नूपुर विश्वास, मुनमुन चक्रवर्ती, शांति भट्टाचार्य, मल्लिका मोइत्रा, परी पाल, गदाई भट्टाचार्य, सुमित भट्टाचार्य, निरुपम राहा, आत्रेई भट्टाचार्य सहित अन्य लोगों का सक्रिय सहयोग रहा।


