तुकतुको जंगल में मिली मृत हिरणी

सरिया(गिरीडीह): बगोदर वन क्षेत्र के तुकतुको जंगल में मंगलवार को वन सुरक्षा समिति के सदस्यों ने एक मृत हिरणी को देखा। जिसकी सूचना तत्काल वन क्षेत्र पदाधिकारी रामपूजन सिंह को दी गई। वहीं सूचना मिलते ही श्री सिंह वन परिसर पदाधिकारी प्रभु नाथ दुबे व अन्य वनरक्षकों के साथ तुकतुको जंगल पहुंचे। जहां मृत पड़े मादा हिरण को अपने कब्जे में ले लिया है। उसे पशु चिकित्सालय बगोदर लाया गया जहां उसका अंत्य परीक्षण किया गया। बाद में उसे वन कार्यालय परिसर गैड़ा में मिट्टी दे दी गई। इस संबंध में वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री सिंह ने कहा कि मृत मादा हिरण के दाएं आंख में चोट का निशान था। संभवत: हिरणों का झुंड आपस में लड़ाई किया होगा जिसके कारण यह हिरण घायल होकर दम तोड़ दिया। वहीं उन्होंने बताया कि मृत हिरण शावक की उम्र लगभग 3 वर्ष की होगी तथा इसका वजन लगभग 30 किलोग्राम का था। उन्होंने बताया कि अंत्य परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि इसकी मौत कैसे हुई। वहीं उन्होंने बताया कि टाटीझरिया के जंगलों में हिरण बहुतायत पाए जाते हैं। इस मौके पर वनरक्षी परशुराम शर्मा, मिथुन रजक, सोमनाथ मोदक, उदय कुमार, विष्णु राय, अभिषेक कुमार, रंजन कुमार आदि मौजूद थे।



