मरांग बुरू के संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी की: मधुबन में बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मधुबन में मरांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन को संबोधित करते मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।
पीरटांड़ के मधुबन थाना मैदान में आयोजित हुआ मरांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन

गिरिडीह: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को गिरिडीह जिले के पीरटांड़ स्थित मधुबन थाना मैदान में आयोजित ‘मरांग बुरू धोरोमगाड़ महासम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संताली भाषा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए आदिवासी समाज को संगठित, सशक्त और प्रगतिशील बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज को विशिष्ट सामाजिक अधिकार प्राप्त हैं, जिन्हें भारतीय संविधान में भी मान्यता दी गई है। देश में कई ऐसे क्षेत्र हैं, जहां आदिवासी समाज की सहमति और अनुमति के बिना कोई कार्य नहीं किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने महासम्मेलन के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक सहभागिता और आपसी सहयोग जरूरी है। उन्होंने समाज को हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि मरांग बुरू धोरोमगाड़ का संरक्षण और देखभाल करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।

आदिवासी समाज देश का सबसे पुराना समाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज देश का सबसे पुराना समाज है। समाज की जड़ें मजबूत हैं, लेकिन इसकी शाखाएं अलग-अलग हो गई हैं। आज समाज के कुछ लोग स्वयं को हिंदू मानते हैं, तो कुछ सरना परंपरा से जुड़ा बताते हैं। लोग जनजातीय भाषाओं के साथ हिंदी भी बोलते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज जंगलों में रहते थे और जंगल ही रोजगार का प्रमुख साधन था। आदिवासी समाज के लिए जंगल भगवान के समान है।

युवा अपनी परंपरा और रीति-रिवाजों को समझें

मुख्यमंत्री ने अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन का स्मरण करते हुए कहा कि उनका पारंपरिक विधि-विधान और रीति-रिवाजों के साथ द्वादशकर्म संपन्न किया गया। उन्होंने युवाओं से अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और समाज की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को समझने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ चुकी है। लोग चांद तक पहुंच रहे हैं और लगातार वैज्ञानिक शोध हो रहे हैं, लेकिन आदिवासी समाज अभी भी शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से पिछड़ा हुआ है। समाज के उत्थान के लिए सभी को एकजुट और संगठित होना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जो परंपराएं और जीवनशैली हमें दी थी, उसे हम धीरे-धीरे खोते जा रहे हैं। पहले पशुपालन और कृषि आजीविका के प्रमुख साधन थे, लेकिन नई पीढ़ी इनसे दूर होती जा रही है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने सुदिव्य कुमार सोनू को विधायक बनाया था। उन्हें मंत्री पद देकर क्षेत्र का मान बढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था और वे हमसे दूर हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य को अलग पहचान दिलाने और अलग राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य गठन के 25 वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद अभी अपेक्षित विकास नहीं हुआ है। इसके लिए सभी को विकास की राह पर आगे बढ़ने के लिए तैयार होना होगा।

नशाखोरी आदिवासी समाज को कर रही कमजोर

मुख्यमंत्री ने आदिवासी समाज में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत समाज को कमजोर कर रही है। सरकार ने इस दिशा में ‘नशामुक्त जीवन हो हमारा’ अभियान के तहत सामूहिक जागरूकता की पहल की है। इसके अलावा हड़िया और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने तथा इससे जुड़ी महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के लिए फूलो-झानो आशीर्वाद योजना चलाई जा रही है।

उन्होंने लोगों से नशाखोरी छोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में कई करीबी लोगों के निधन से उन्हें व्यक्तिगत रूप से गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने दिवंगत लोगों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही कहा कि महासम्मेलन के मंच से जो ज्ञापन सौंपा गया है, उस पर न्यायसंगत विचार किया जाएगा और समाज के लोगों को हरसंभव मदद मिलेगी।

कई राज्यों से पहुंचे आदिवासी समाज के प्रतिनिधि

महासम्मेलन में विधायक सोमेश सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, मरांग बुरू बचाओ संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष फागू बेसरा, महासचिव हीरालाल मांझी, जिला अध्यक्ष महावीर मुर्मू और सचिव विष्णु किस्कू सहित झारखंड के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा असम, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग पहुंचे।

मुख्यमंत्री को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पीरटांड़ के मधुबन स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर के हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान आईजी, डीआईजी, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने उनका स्वागत किया।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More