Sahibganj News: गो द्वादशी पर बेजुबानों की रक्षा, बरहेट में 12 बैल मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार

साहिबगंज: आज गो द्वादशी है। आज से ही दीपोत्सव का विधिवत शुभारंभ माना जाता है। ऐन इसी पावन अवसर पर साहिबगंज में गोवंश की रक्षा का एक पुनीत कार्य हुआ है। बरहेट थाना क्षेत्र के तलवड़िया में पुलिस ने पशु क्रूरता के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बैलों को मुक्त कराया और दो लोगों को गिरफ्तार किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने एसपी को दी सूचना
बताया जा रहा है कि भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव रांची से साहिबगंज लौट रहे थे। इसी क्रम में देर रात उन्होंने दो लोगों को 12 बैलों को एक ही रस्सी में क्रूरतापूर्वक बांधकर मारते-पीटते हुए ले जाते देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह को दी। एसपी के निर्देश पर बोरियो प्रभाग के पुलिस निरीक्षक नुनुदेव राय के नेतृत्व में बरहेट थाना की टीम तत्काल तलवड़िया पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।
कागजात नहीं, गोड्डा से जामनगर ले जा रहे थे बैल
पूछताछ में आरोपी पशुओं से संबंधित कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। उन्होंने बताया कि सभी बैलों को गोड्डा से राजमहल प्रखंड के जामनगर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के कपसाटोला निवासी जसीम हुसैन (35 वर्ष), पिता खलील अंसारी और पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के धरमपुर मोड़ निवासी सुरजा पहाड़िया (50 वर्ष), पिता स्व. अड़िया पहाड़िया के रूप में हुई है।
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरक्षी अधीक्षक कार्यालय द्वारा 4 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस ने सभी 12 बैलों की जब्ती सूची बनाकर बरहेट थाना कांड संख्या 132/26, दिनांक 04.11.2026 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों पर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 एवं झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में अवर निरीक्षक बिट्टू कुमार साहा, सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार, प्रमोद कुमार गुप्ता एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। भाजपा जिलाध्यक्ष के इस सजग प्रयास की जिले में सराहना हो रही है।


