राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, चार जिंदा गोलियां और मोबाइल बरामद

हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राहुल दुबे गिरोह के एक कथित सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 7.62 एमएम की चार जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार युवक की पहचान रामगढ़ जिले के रामगढ़ कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलापार निवासी निर्मल पंडित उर्फ सुमित (25 वर्ष), पिता कैलाश पंडित के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को 3 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह का एक सक्रिय सदस्य मोटरसाइकिल से गिद्दी की ओर से उरीमारी आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गरसुल्ला, उरीमारी-गिद्दी सीमा स्थित पुलिया के पास सादे लिबास में निगरानी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान वह घबराने लगा और पहले अपना नाम गलत बताया। बाद में पुलिस की सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी वास्तविक पहचान निर्मल पंडित उर्फ सुमित बताई। उरीमारी आने का कारण पूछे जाने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें चार जिंदा गोलियां और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
मोबाइल की जांच में मिले हथियारों के साथ फोटो
पुलिस ने मोबाइल फोन की गैलरी की जांच की, तो उसमें हथियारों के साथ खींची गई तस्वीरें मिलीं। इसके अलावा कई अन्य तस्वीरें भी बरामद हुईं, जिनका संबंध राहुल दुबे गिरोह से होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने मोबाइल की जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और बरामद सामान को जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी निर्मल पंडित को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में उरीमारी थाना कांड संख्या 196/26, दिनांक 03 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2)(b), 111(3), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 25(1-B)a, 25(6) एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित थी छापामारी टीम
पूरी कार्रवाई बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में की गई। छापामारी दल में बड़कागांव अंचल के पुलिस निरीक्षक मो. शाहिद रजा, उरीमारी ओपी प्रभारी रघु उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक संजय खलखो, संजय यादव, विनोद राम तथा उरीमारी ओपी के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


