टाटा स्टील की पहल से निखर रहीं खेल प्रतिभाएं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बना रहीं नई पहचान

जमशेदपुर : टाटा स्टील दशकों से खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी की पहल से तीरंदाजी और स्पोर्ट क्लाइंबिंग जैसे खेलों में युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता साबित करने के अवसर मिल रहे हैं। टाटा आर्चरी अकादमी और टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन (TSAF) के माध्यम से तैयार हो रही खेल प्रतिभाएं भारतीय खेलों के भविष्य को नई दिशा दे रही हैं।
कंपनी का मानना है कि चैंपियन केवल पोडियम पर नहीं बनते, बल्कि उनके पीछे वर्षों का अभ्यास, अनुशासन, लगन और सही मार्गदर्शन होता है। इसी सोच के तहत टाटा स्टील ऐसा वातावरण तैयार करने पर जोर दे रही है, जहां युवाओं की प्रतिभा को पहचानने के साथ उसे निखारने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।
वर्ष 1996 में जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्थापित टाटा आर्चरी अकादमी आज देश की प्रमुख तीरंदाजी संस्थाओं में शामिल है। अकादमी अब तक नौ ओलंपियन, नौ अर्जुन पुरस्कार विजेता और 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज तैयार कर चुकी है। यहां से प्रशिक्षित खिलाड़ियों ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है।
एशियाई खेलों में भी अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 2006 में दोहा एशियाई खेलों में जयंत तालुकदार के कांस्य पदक से शुरू हुआ यह सफर 2010 के ग्वांगझू और 2023 के हांगझोऊ एशियाई खेलों तक जारी रहा। वर्ष 2026 में अंकिता भकत ने आइची-नागोया एशियाई खेलों में भारत की स्वर्ण पदक विजेता महिला रिकर्व टीम का हिस्सा बनकर इस उपलब्धि को नई ऊंचाई दी।
वहीं, टाटा स्टील एडवेंचर फाउंडेशन के माध्यम से स्पोर्ट क्लाइंबिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्ष 2015 से अब तक 16 जमीनी स्तर के केंद्रों के नेटवर्क के जरिए करीब एक हजार युवाओं को इस खेल से जोड़ा गया है। इन केंद्रों में खिलाड़ियों को शुरुआती प्रशिक्षण से लेकर उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस पहल का परिणाम 2026 के एशियाई खेलों में भी देखने को मिला। जोगा पूर्ति और दीपु मल्लेश ने स्पीड क्लाइंबिंग के फाइनल राउंड में जगह बनाकर देश का ध्यान आकर्षित किया। दोनों खिलाड़ियों ने क्रमशः 7.28 सेकंड और 5.09 सेकंड का समय दर्ज कर नए भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए। उनकी तैयारी के लिए थाईलैंड के स्पीड कोच और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया।
साधारण आदिवासी परिवार से आने वाले जोगा पूर्ति की उपलब्धि इस बात का उदाहरण है कि सही अवसर और संसाधन मिलने पर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। दोनों खिलाड़ियों के लिए अब लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक में हिस्सा लेना एक बड़ा लक्ष्य बन गया है।
टाटा स्टील के खेल कार्यक्रमों में केवल प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के संपूर्ण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। इसके तहत स्पोर्ट्स साइंस, पोषण, फिजियोथेरेपी, चोट से उबरने और मानसिक मजबूती के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बायोमैकेनिकल एनालिसिस, वीडियो के माध्यम से प्रदर्शन का आकलन और नियमित मॉनिटरिंग से खिलाड़ियों की जरूरतों के अनुसार प्रशिक्षण में बदलाव किया जाता है।
जमशेदपुर में तीरंदाजी की विशेष सुविधाएं, क्योंझर में विकसित किया जा रहा केंद्र तथा जमशेदपुर और भुवनेश्वर में स्पोर्ट क्लाइंबिंग के लिए उपलब्ध सुविधाएं खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन का आधार प्रदान कर रही हैं।
इसके अलावा, एशियन किड्स और एशियन यूथ क्लाइंबिंग चैंपियनशिप जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का जमशेदपुर में आयोजन युवा खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर बन रहा है। इससे उन्हें अपने शहर में ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा देखने और उसका अनुभव हासिल करने का मौका मिल रहा है।
टाटा स्टील की यह पहल केवल पदक विजेता खिलाड़ी तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल संस्कृति को मजबूत बनाने और नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कंपनी का उद्देश्य ऐसे अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिनसे देश की उभरती खेल प्रतिभाएं अपनी क्षमता को पहचानकर भविष्य में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन कर सकें।


