सीआईटी में ‘आइडिया ट्राइब 2026’ का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाए नवाचार के मॉडल

रांची: कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीआईटी) में सोमवार को जेयूटी के सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीआईआईई) के तत्वावधान में ‘आइडिया ट्राइब 2026’ फेज-3 बूटकैंप का आयोजन किया गया। इसमें जेयूटी से संबद्ध रांची एवं आसपास के विभिन्न तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थी समूहों ने भाग लेकर अपने इनोवेटिव आइडियाज की प्रस्तुति दी।
मौके पर विशेषज्ञ के रूप में उमेश प्रसाद, प्रिंसिपल जनरल मैनेजर, बीएसएनएल (आईटीएस), इंद्रजीत यादव, निदेशक, एमएसएमई रांची एवं जेयूटी (सीआईआईई) की डिप्टी सीईओ डॉ. अनीता सिन्हा मौजूद थीं। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद अलग-अलग संस्थानों के विद्यार्थी समूहों ने अपने-अपने मॉडलों के प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए।

बता दें कि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आइडियाज के चयन के बाद जेयूटी की ओर से प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के लिए फंड उपलब्ध कराया जाएगा। बूटकैंप में जेयूटी रांची, रामगढ़ इंजीनियरिंग कॉलेज, गवर्नमेंट विमेंस पॉलिटेक्निक रांची, आरटीसी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कैंब्रिज पॉलिटेक्निक और सीआईटी रांची के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को संबोधित भी किया। संस्थान के इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा नवप्रवर्तकों को सशक्त बनाना एवं स्वदेशी उद्यमिता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान सीआईटी के प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह, इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल के कन्वेनर विनीत कुमार, डीन एकेडमिक प्रो. अरशद उस्मानी, डॉ. रणवीर कुमार और डॉ. पवन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे।


