Sahibganj News: गंगा नदी थाना क्षेत्र में 181 बोतल शराब बरामद, दियारा में अवैध कारोबार का खुलासा

साहिबगंज: अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गंगा नदी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के भंडारण और बिक्री के धंधे का खुलासा किया है। इस दौरान मौके से रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की सहित कुल 181 बोतल शराब बरामद की गई है। अब तक शहरी क्षेत्रों में ही अवैध शराब बरामद होती थी, लेकिन अब दियारा क्षेत्रों में भी शराब के भंडारण का मामला सामने आने से पुलिस महकमा सतर्क हो गया है।
पुलिस के अनुसार, गंगा नदी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब के भंडारण और बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापा मारा और भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की।
बरामद शराब को जब्त कर पुलिस ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


