Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने किया रुक्मणी जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण

हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने आज 21 अगस्त को हजारीबाग स्थित रुक्मणी जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का समावेश करने का अनुरोध किया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता दर्पण, खोरठा भाषा की पुस्तकें, गणित की फॉर्मूला बुक, मासिक पत्रिकाएं, ब्रह्मास्त्र सहित प्रतियोगिता परीक्षाओं से संबंधित अन्य उपयोगी पुस्तकों को पुस्तकालय में उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इस पर उपायुक्त हेमन्त सती ने कहा कि जिले में रुक्मणी जिला पुस्तकालय के अतिरिक्त दो अन्य बड़े पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इन पुस्तकालयों में विद्यार्थियों की आवश्यकता एवं मांग के अनुरूप पुस्तकें एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थी इन सुविधाओं का अधिकतम एवं समुचित उपयोग कर सकें।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय में पेयजल, शौचालय एवं मोबाइल/लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया। उपायुक्त ने इन मांगों पर स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विद्यार्थियों द्वारा पुस्तकालय में उपलब्ध कुर्सियों के टूटने एवं उनकी मजबूती से संबंधित शिकायत भी उपायुक्त के संज्ञान में लाई गई। उपायुक्त ने स्वयं बैठने की कुर्सियों की मजबूती की जांच की तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल पठन-पाठन का वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने विशेष रूप से प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर अध्ययन व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पुस्तकालयों में विद्यार्थियों को आवश्यक पुस्तकें, डिजिटल सुविधाएं एवं बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन कर सकें।


