Ranchi News: डीएसपीएमयू में 26 सितंबर को होगा दीक्षांत समारोह, कुलपति ने की समीक्षा बैठक

रांची: गुरुवार को अपराह्न 2 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, गांधी सभागार में कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने आगामी 26 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के द्वारा आयोजित किए जानेवाले दीक्षांत समारोह से संबंधित अपनी अध्यक्षता में पहली बैठक का आयोजन किया।
आयोजन समिति के सदस्यों के साथ इस महत्वपूर्ण बैठक में पूरे दीक्षांत समारोह के आयोजन की रुपरेखा, विभिन्न कमेटियों के कार्य निर्धारण, डिग्रियों और प्रमाणपत्रों के साथ साथ आयोजन के कार्यान्वयन पर विस्तृत विमर्श हुआ। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि इस दीक्षांत समारोह के प्रारंभिक चरण की शुरुआत आगामी 22 अगस्त से की जा रही है, जब इस दीक्षांत समारोह में उपाधि वितरण हेतु विद्यार्थियों से पंजीकरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूर्व में भी विश्वविद्यालय प्रशासन पूरे मनोयोग से परीक्षा संबंधित सत्र के नियमितीकरण को लेकर कृतसंकल्पित था और आगामी 26 सितंबर 2026 को इस दीक्षांत कार्यक्रम के आयोजन से विश्वविद्यालय अपने सत्र नियमित करने के लक्ष्य से काफी निकट होगा। उन्होंने यह भी कहा कि विभिन्न कमेटियों के गठन के उपरांत इस बात को सुनिश्चित किया गया है कि आयोजन के कार्यों में तीव्रता और कुशलता का सामंजस्य बनाया जाए। इसी बैठक में उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में नामांकन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी भी विभिन्न विभागों में
नवनामांकित अनेक विद्यार्थियों ने चांसलर पोर्टल पर अपनी अपार आईडी दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को अंतिम तौर पर निर्देशित किया जाता है कि वह अनिवार्य रूप से 22 अगस्त 2026 तक अपने अपार आईडी की प्रक्रिया पूरी कर संदर्भित विभाग तक अपनी जानकारी सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विश्वविद्यालय में उनके पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी और उनका परिचय पत्र भी निर्गत नहीं हो सकेगा।
इस क्रम में परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार ने बताया कि आगामी 22 अगस्त से दीक्षांत समारोह के उपाधि वितरण हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2022 से 2025 और स्नातकोत्तर के सत्र 2023 से 2025 और सत्र 2024 से 2026 के विद्यार्थियों को इस दीक्षांत समारोह में उपाधि वितरण किया जायेगा।
कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में हुए आयोजन समिति की इस बैठक में कुलसचिव डॉ धनंजय द्विवेदी, डीएसडब्लू डॉ सर्वोत्तम कुमार, प्रॉक्टर डॉ अजय चौधरी, वित्त पदाधिकारी डॉ अनीता मेहता, परीक्षा नियंत्रक डॉ शुचि संतोष बरवार, विज्ञान संकाय की डीन डॉ नमिता सिंह, सामाजिक संकाय के डीन डॉ एसएम अब्बास, मानविकी संकाय के डीन डॉ अयूब, डॉ खुर्शीद अख्तर, डॉ अमित आलोक हेरेंज और पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह सदस्य के तौर पर उपस्थित रहें।


