Koderma News: झुमरी तिलैया की सीए वंदना अग्रवाल भारत डायनामिक्स लिमिटेड की स्वतंत्र निदेशक नियुक्त

कोडरमा: झुमरी तिलैया की चार्टर्ड अकाउंटेंट वंदना अग्रवाल ने राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का मान बढ़ाते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय (रक्षा उत्पादन विभाग) के अधीन मिसाइल एवं रणनीतिक रक्षा उपकरण निर्माण करने वाली नवरत्न रक्षा कंपनी ‘भारत डायनामिक्स लिमिटेड’ (BDL) के निदेशक मंडल (Board of Directors) में उन्हें स्वतंत्र निदेशक (Independent Director / Non-Official Director) के रूप में नियुक्त किया गया है।
रामगढ़ से शुरू हुआ सफर, बनीं झुमरी तिलैया की पहली महिला CA
CA वंदना अग्रवाल की प्रारंभिक शिक्षा गुरुनानक स्कूल, रामगढ़ (झारखंड) से हुई। अपनी लगन और मेधा के बल पर उन्होंने नवंबर 2004 में प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की परीक्षा उत्तीर्ण की। विवाह से पूर्व उन्होंने रामगढ़ में ही अपनी पेशेवर प्रैक्टिस की शुरुआत की।
वर्ष 2011 में उनका विवाह झुमरी तिलैया के व्यवसायी, कर सलाहकार (Tax Practitioner) एवं अधिवक्ता अभिषेक गुप्ता के साथ संपन्न हुआ। विवाह के उपरांत वर्ष 2012 से वे निरंतर झुमरी तिलैया में अपनी पेशेवर प्रैक्टिस कर रही हैं। उन्हें झुमरी तिलैया की पहली महिला चार्टर्ड अकाउंटेंट होने का गौरव भी प्राप्त है। विगत 14 से अधिक वर्षों के अपने कार्यकाल में उन्होंने वित्तीय प्रबंधन, ऑडिटिंग और कॉरपोरेट सलाह के क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है।
सफल गृहिणी और कुशल पेशेवर का अद्भुत समन्वय
CA वंदना अग्रवाल न केवल एक सफल व कुशल पेशेवर हैं, बल्कि एक समर्पित गृहिणी के रूप में भी अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करती हैं। उनकी दो पुत्रियाँ हैं, जो वर्तमान में प्रतिष्ठित विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। घर-परिवार और करियर के बीच बेहतरीन संतुलन साधते हुए राष्ट्रीय पटल पर यह मुकाम हासिल कर उन्होंने समाज की बेटियों और युवा पेशेवरों के सामने महिला सशक्तिकरण का एक जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शहर एवं व्यापारिक जगत में बधाईयों का तांता
इस गौरवमयी उपलब्धि की सूचना मिलते ही झुमरी तिलैया, कोडरमा एवं रामगढ़ सहित पूरे झारखंड के सामाजिक, व्यापारिक, राजनीतिक एवं प्रबुद्ध संगठनों में हर्ष का माहौल है। दि इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के सदस्यों, स्थानीय चैंबर ऑफ कॉमर्स, बार एसोसिएशन और गणमान्य नागरिकों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए अविस्मरणीय गौरव बताते हुए CA वंदना अग्रवाल को हार्दिक बधाई व उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।


