साहिबगंज प्लेटफॉर्म-2 पर चलती ट्रेन के नीचे गिरा बुजुर्ग, जीआरपी जवान की सूझबूझ से बची जान

साहिबगंज: प्लेटफॉर्म पर एक पल की चूक जान पर भारी पड़ सकती है। इसका उदाहरण साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक बुजुर्ग यात्री फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरा।
यह घटना गाड़ी संख्या 53403 अप के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर हुई। मिर्जाचौकी के निवासी 65 वर्षीय रामचंद्र साह जैसे ही चलती ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़े, उनका पैर फिसल गया और वे नीचे गिर पड़े। उसी समय ड्यूटी पर तैनात जीआरपी कांस्टेबल मोहम्मद सरफराज ने स्थिति को भांपते हुए फौरन एक्शन लिया। उन्होंने ट्रेन के चालक को रुकने का इशारा किया और ट्रेन रुकवाई। इसके बाद आस-पास मौजूद यात्रियों की मदद से सरफराज ने कड़ी मशक्कत के बाद रामचंद्र साह को पटरी से सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में बुजुर्ग के शरीर पर चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी ने तत्काल रामचंद्र साह के घर वालों को सूचित किया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को आगे के इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर कुछ सेकंड की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। यात्रियों ने जीआरपी कांस्टेबल सरफराज की तत्परता और समझदारी की जमकर सराहना की। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने की कोशिश न करें। एक पल की जल्दबाजी जिंदगी पर भारी पड़ सकती है।




