Giridih News: डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की पुण्यतिथि पर वैज्ञानिक चेतना और तर्कशीलता का संदेश

गिरिडीह: प्रख्यात तर्कवादी एवं अंधविश्वास विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. नरेंद्र दाभोलकर की पुण्यतिथि पर गुरुवार को जमुआ में शहादत दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत ज्ञान विज्ञान समिति, झारखंड की गिरिडीह जिला इकाई एवं अभिव्यक्ति फाउंडेशन, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिक चेतना और तर्कशीलता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जमुआ प्रखंड मुख्यालय के समक्ष 29 जुलाई से जारी 14 सूत्री मांगों के अनिश्चितकालीन धरना स्थल पर किया गया। इस दौरान अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता, मानवतावाद, स्कूली शिक्षा में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज में वैज्ञानिक सोच और तर्कशीलता को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना जरूरी है।
आने वाली पीढ़ी को भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रति प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 51ए(एच) का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवतावाद और सुधार की भावना विकसित करना हमारा संवैधानिक दायित्व है।
कार्यक्रम में जमुआ उपप्रमुख रब्बानी, भारत ज्ञान विज्ञान समिति के जिलाध्यक्ष योगेंद्र गुप्ता, जिला सचिव बैजनाथ वर्मा, अभिव्यक्ति फाउंडेशन के मो. आलम अंसारी, रवि राणा, सामाजिक कलाकार डीएमडी अलगुंदिया, गौतम सागर राणा, सरताज परवेज, हेमलाल दास, नूनदेव रविदास, संतोष यादव, मो. लेयाकत, अब्दुल हमीद सहित कई लोग मौजूद रहे।


