Palamu News: स्कूल जाने की तैयारी के दौरान गिरीं शिक्षिका, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

छतरपुर अनुमंडल क्षेत्र के नौडीहा बाजार थाना अंतर्गत कुहकुह गांव स्थित अपग्रेडेड हाई स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रणिता सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। गुरुवार को स्कूल जाने की तैयारी के दौरान वह अचानक गिरकर बेहोश हो गईं।

पलामू: छतरपुर अनुमंडल क्षेत्र के नौडीहा बाजार थाना अंतर्गत ललगड़ा पंचायत के ग्राम कुहकुह स्थित अपग्रेडेड हाई स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका प्रणिता सिंह की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। स्कूल जाने की तैयारी के दौरान वह अचानक गिरकर बेहोश हो गईं। परिजन एवं स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, छतरपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, प्रणिता सिंह प्रतिदिन की तरह गुरुवार को भी अपने घर में विद्यालय जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान अचानक गिरकर बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण उन्हें आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मेदिनीनगर के निमिया वार्ड नंबर-3 निवासी  बताई जा रही हैं। उनकी अचानक मौत की खबर से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षा कर्मियों के साथ एससी-एसटी कर्मचारी संघ छतरपुर-नौडीहा बाजार इकाई के अध्यक्ष अर्जुन राम, सचिव कुलदीप राम, संगठन सचिव नरेंद्र राम एवं शिक्षक अनिल कुमार समेत अन्य लोग अनुमंडलीय अस्पताल पहुँच शोक व्यक्त किया।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रणिता सिंह मृदुभाषी, कर्मठ एवं मिलनसार स्वभाव की थीं। उनका अचानक निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संवेदना व्यक्त की।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More