Giridih News: उपायुक्त रामनिवास यादव ने समीक्षा बैठक में विकास योजनाओं को गति देने का दिया निर्देश

गिरिडीह: जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने, योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन तथा आमजनों को योजनाओं का शीघ्र लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग, भवन प्रमंडल, NREP, पथ प्रमंडल, भूमि संरक्षण सहित विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा क्रियान्वित आधारभूत संरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान प्रगति, पूर्ण एवं लंबित कार्यों, कार्य में आ रही बाधाओं तथा उनके समाधान की जानकारी ली।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अधूरे पड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं केवल निर्माण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध आम जनता की सुविधाओं, आवश्यकताओं और जिले के समग्र विकास से है। ऐसे में योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सड़क, भवन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई सहित अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण मापदंडों के अनुरूप कराए जाएं। सभी तकनीकी पदाधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट एवं स्थल निरीक्षण करते हुए कार्यों की वास्तविक प्रगति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
लंबित योजनाओं में तेजी लाने का सख्त निर्देश
उपायुक्त ने धीमी गति से संचालित एवं लंबे समय से लंबित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्यकारी एजेंसियों को स्पष्ट रूप से कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा है, उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
विद्युत व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी के अधिकारियों को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यहां-वहां लटक रहे एवं अव्यवस्थित विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्युत तारों की स्थिति का नियमित निरीक्षण करते हुए सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों की सुरक्षा से संबंधित किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
सतत मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश
उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी ने सभी कार्यकारी एजेंसियों एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध निष्पादन एवं प्रभावी फील्ड निरीक्षण को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की प्रगति से संबंधित प्रतिवेदन समय-समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कार्य में अनावश्यक विलंब, लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार पदाधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही एवं बेहतर कार्यप्रणाली के साथ योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारने पर जोर दिया।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-1 एवं 2 के कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी के पदाधिकारी, भवन प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, लघु सिंचाई, पथ प्रमंडल, NREP, भूमि संरक्षण सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


