Shravani Mela: बाबा धाम में भक्ति का सैलाब, रिमझिम बारिश के बीच कांवरियों ने किया जलार्पण

देवघर : राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 21वें दिन बुधवार को रिमझिम बारिश के बीच बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण की प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हुई। भोर में ठीक 4:14 बजे मंदिर के गर्भगृह के पट खुलते ही कतार में खड़े कांवरियों का इंतजार समाप्त हुआ और शिवभक्तों ने बाबा बैद्यनाथ पर पवित्र गंगाजल अर्पित करना शुरू किया।
सुबह से हो रही रिमझिम बारिश के बावजूद कांवरियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों से पूरा रूट लाइन केसरिया रंग में रंगा नजर आया। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से मेला क्षेत्र और देवघर नगरी गुंजायमान रही।
प्रशासन की ओर से की गई चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच कांवरिया अनुशासित और कतारबद्ध होकर बीएड कॉलेज से लगातार बाबाधाम की ओर बढ़ते रहे। लंबी दूरी तय करने के बावजूद श्रद्धालुओं के चेहरे पर थकान के बजाय बाबा के दर्शन और जलार्पण की उत्सुकता नजर आई।
कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस बल के अधिकारी रूट लाइन के प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर लगातार मुस्तैद रहे। कतार की सतत निगरानी की गई, ताकि श्रद्धालुओं को जलार्पण के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्रावणी मेले के 21वें दिन भी बाबा बैद्यनाथ के दरबार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बारिश के बीच कांवरियों की निरंतर आवाजाही और गूंजते जयघोष ने पूरे बाबाधाम को भक्तिमय बना दिया।


