Sahibganj News: बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 का होगा विस्तार, डीआरएम मालदा ने दिया जल्द काम शुरू करने का आश्वासन

बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के विस्तार को लेकर रेल प्रशासन ने सकारात्मक पहल की है। यात्रियों की परेशानी और प्लेटफॉर्म की कम लंबाई को लेकर झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने डीआरएम मालदा के समक्ष मामला उठाया था। शिकायत पर डीआरएम मालदा ने 'एक्स' के माध्यम से बताया कि संबंधित विभाग को मामले की जानकारी दे दी गई है और यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म संख्या-1 को मौजूदा लंबाई से आगे बढ़ाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

साहिबगंज:  बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को हो रही परेशानी को लेकर रेल प्रशासन ने बड़ा आश्वासन दिया है। सोशल मीडिया पर उठी शिकायत के जवाब में डीआरएम मालदा ने कहा है कि प्लेटफॉर्म संख्या- 1 के विस्तार के लिए संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दरअसल झारखंड रेल यूज़र्स एसोसिएशन ने प्लेटफॉर्म की लंबाई कम होने की शिकायत की थी। इस पर डीआरएम मालदा ने ‘एक्स’ पर जवाब देते हुए लिखा, “असुविधा के लिए खेद है। मामले को संबंधित विभाग के संज्ञान में लाया गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म संख्या- 1 को मौजूदा लंबाई से आगे बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।”

मीडिया और रेल यूजर्स एसोसिएशन ने उठाया था मुद्दा

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों दैनिक झारखंड उदय और झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने डीआरएम मालदा से इस मुद्दे पर ध्यान देने की गुजारिश की थी।लगातार हो रही मांग के बाद अब रेल प्रशासन ने विस्तार की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है।

यात्रियों को मिलेगी राहत

बिना प्लेटफॉर्म पर लंबी ट्रेनों के रुकने से दिव्यागजनों, महिलाओं, बच्चों एवं अन्य यात्रियों को उतरने-चढ़ने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। प्लेटफॉर्म के विस्तार से अब यात्रियों को सुविधा होगी और भीड़-भाड़ में कमी आएगी। झारखंड रेल यूज़र्स एसोसिएशन एवं रेल उपयोगकर्ताओं ने डीआरएम के इस त्वरित जवाब और सकारात्मक पहल का स्वागत किया है। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही विस्तार कार्य शुरू होकर पूरा किया जाएगा।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More