Koderma News: बाबा भोलेनाथ की भक्ति में लीन कांवरिए, बासोडीह से 105 किमी पैदल यात्रा पर निकला जत्था

सतगावां: सतगावां मुख्य बाजार बासोडीह से कांवरियों का जत्था बाबा महेश्वर नाथ धाम स्थित मंदिर में माथा टेकने के बाद बाबाधाम के लिए रवाना हुआ। पिछले 10 वर्षों से लगातार बाबाधाम जा रहे कांवरियों ने बताया कि सावन आते ही उनके मन में बाबा भोलेनाथ के प्रति आस्था और श्रद्धा और भी प्रबल हो जाती है। इसके लिए वे एक महीने पहले से ही सात्विक एवं निरामिष भोजन का सेवन करते हैं और भगवान भोलेनाथ का ध्यान करते हैं।
कांवरियों ने बताया कि बाबा नगरी जाने से पहले सुल्तानगंज से मां गंगा का पवित्र जल उठाकर संकल्प लिया जाता है। इसके बाद कांवर लेकर बाबा भोलेनाथ की नगरी देवघर के लिए प्रस्थान करते हैं। कांवरिए जयकारे लगाते हुए करीब 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचते हैं और ज्योतिर्लिंग पर गंगाजल अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं।
जलाभिषेक के बाद कांवरिए देवघर के विभिन्न प्रसिद्ध मंदिरों में भी दर्शन करते हैं और अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की प्रार्थना करते हैं। पूजा-अर्चना एवं दर्शन के बाद प्रसाद लेकर सभी श्रद्धालु वापस अपने घर लौटते हैं।
कांवरियों के जत्थे में भोला वर्मा (मुस्कान ज्वेलर्स), संतोष वर्मा (मां संतोषी ज्वेलर्स), मोहित वर्मा (राज मोबाइल), राजकुमार चौधरी, विकास कुमार, सौरव वर्मा, गौतम सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। सभी कांवरिए बाबा भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए बाबाधाम के लिए रवाना हुए।


