Deoghar News: रिमझिम बारिश में बाबा के जयघोष से गूंजा देवघर, 20वें दिन भी कांवरियों की लंबी कतार
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के 20वें दिन मंगलवार को रिमझिम बारिश के बीच बाबा बैद्यनाथ की नगरी शिवमय नजर आई। सुबह से हो रही बारिश के बावजूद कांवरियों और श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। भोर से ही शिवभक्त कतारबद्ध होकर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए आगे बढ़ते रहे।
मंगलवार सुबह ठीक 5 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया। गर्भगृह के द्वार खुलते ही बाबा पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पूरा मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र ‘बोल-बम’ तथा ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
रिमझिम फुहारों के बीच कांवरियों की लंबी कतार बीएड कॉलेज तक लगी रही। कांवरिया कतार में अनुशासन के साथ आगे बढ़ते हुए बाबा का जयघोष करते नजर आए। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह लगातार बना रहा।
जिला प्रशासन की ओर से तैयार रूट लाइन में कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र और रूट लाइन में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से कांवरियों को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पूरी व्यवस्था की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्ष के माध्यम से की जा रही है। कतार की स्थिति, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। बारिश के बीच भी प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था के साथ कांवरियों की बाबा के प्रति आस्था का सिलसिला जारी रहा।


