23 अगस्त को रांची में झारखंड RERA का सेमिनार, रियल एस्टेट अधिनियम पर होगा व्यापक संवाद

रांची: झारखंड रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (झारखंड RERA) द्वारा रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 के विभिन्न प्रावधानों एवं व्यावहारिक पहलुओं पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन 23 अगस्त 2026 (रविवार) को किया जाएगा।
सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक होगा सेमिनार
यह कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रांची स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित होगा। सेमिनार का उद्देश्य RERA अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को बढ़ावा देना, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सुशासन को मजबूत करना तथा रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को एक साझा मंच प्रदान करना है।
रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े हितधारक होंगे शामिल
सेमिनार में बिल्डर, प्रमोटर, डेवलपर, भूमि स्वामी, आवंटी (होमबायर्स), बैंक एवं वित्तीय संस्थान, आर्किटेक्ट, चार्टर्ड अकाउंटेंट, स्ट्रक्चरल इंजीनियर, अधिवक्ता एवं विधि विशेषज्ञ सहित रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े अन्य हितधारकों की सहभागिता प्रस्तावित है।
RERA अधिनियम के प्रावधानों पर होगा संवाद
कार्यक्रम के दौरान रियल एस्टेट (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 के विभिन्न प्रावधानों और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। इसके माध्यम से रियल एस्टेट क्षेत्र में नियमों की समझ बढ़ाने और अधिनियम के प्रभावी अनुपालन को लेकर जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा।


