Koderma News: करमा विसर्जन के दौरान भंवरों का हमला, बच्चों और महिलाओं समेत 12 से अधिक घायल

कोडरमा के सतगावां में करमा विसर्जन के दौरान भंवरों के हमले में घायल श्रद्धालुओं का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया गया

कोडरमा: करमा विसर्जन के दौरान भंवरों का हमला, बच्चों और महिलाओं समेत 12 से अधिक घायल

कोडरमा: जिले के सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत मनोरथडीह गांव में बुधवार को करमा पूजा के बाद करम डाली विसर्जन के दौरान अचानक भंवरों के झुंड ने श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। घटना में बच्चों और महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया गया कि मनोरथडीह गांव के लोग करम डाली विसर्जन के लिए छोटनर नदी के किनारे पहुंचे थे। विसर्जन की पूजा-अर्चना के दौरान अचानक वहां मौजूद भंवरों का झुंड बिफर गया और श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी तट के पास एक पेड़ पर भंवरों का छत्ता लगा हुआ था।

भंवरों के हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कई लोगों को भंवरों ने काट लिया। काटने से हुए तेज दर्द के कारण एक बच्ची मौके पर ही बेहोश हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

घायलों में इंदु कुमारी (19), निशु कुमारी (15), नीतू कुमारी (16), सृष्टि भारती (8), अंगद कुमार (7), सिद्धार्थ कुमार (3), प्रियांशु कुमारी (12), सुहानी कुमारी (9), अंजली कुमारी (25), विकास कुमार (4), आर्यन कुमार (11) और उत्कर्ष कुमार (लगभग 4 वर्ष) शामिल हैं। सभी घायल मनोरथडीह गांव के निवासी बताए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बासोडीह पंचायत की मुखिया अनीता देवी और सामाजिक कार्यकर्ता राजेश यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया। साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम से मुलाकात कर घायलों के बेहतर इलाज और आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More