Sahibganj News: जाली नोट कांड में फरार अभियुक्त के घर चिपकाया गया इश्तिहार, ढोल-बाजे के साथ पहुंची टीम

साहिबगंज: जाली नोट के प्रचलन से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त के खिलाफ राजमहल पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी इश्तिहार को अभियुक्त के घर सहित सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाया गया।
थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि राजमहल थाना कांड संख्या 229/26, दिनांक 05 जुलाई 2026 का यह मामला है। इस कांड में आनंदो मंडल, पिता स्वर्गीय सुधीर मंडल, निवासी ग्राम- घाट जमनी टपुआ, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस टीम गवाहों के साथ अभियुक्त के घर पहुंची। ढोल-बाजा बजाकर आस-पास के लोगों को इकट्ठा किया गया और फिर इश्तिहार को घर की दीवार पर चिपकाया गया। इस दौरान इलाके में काफी भीड़ जमा हो गई और मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई।
पुलिस सिर्फ अभियुक्त के आवास तक ही सीमित नहीं रही। न्यायालय के आदेश की सार्वजनिक जानकारी के लिए क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों और राजमहल न्यायालय के मुख्य द्वार पर भी इश्तिहार चिपकाए गए। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने बताया कि अभियुक्त आनंदो मंडल पर बीएनएस 2023 की धारा 178, 179, 180, 316(2), 318(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज है। यह सभी धाराएं जाली नोट बनाने और उसके प्रचलन से संबंधित हैं। न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन किया गया है।
आगे उन्होंने कहा कि फरार अभियुक्त के परिजनों को जल्द से जल्द आत्मसमर्पण कर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में जाली नोट के कारोबार में शामिल लोगों को कड़ा संदेश गया है।


