Deoghar News: एम्स देवघर अब ECHS के पैनल में शामिल, 1.2 लाख पूर्व सैनिकों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा

देवघर: देवघर में गुरूवार को आयोजित एक समारोह में क्षेत्रीय केंद्र, भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस), रांची के साथ औपचारिक रूप से सूचीबद्ध (एम्पैनल) किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस रांची के निदेशक तथा एम्स देवघर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह हस्ताक्षर झारखंड एवं बिहार सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम तथा स्टेशन मुख्यालय रामगढ़ कैंट के कर्नल मुकुल वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, देवघर (एम्स देवघर) झारखंड के देवघर में स्थित एक प्रमुख चिकित्सा विश्वविद्यालय एवं अस्पताल है। इसकी सेवाएं वर्ष 2019 में प्रारंभ हुई थीं। यह संस्थान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत स्वायत्त रूप से संचालित होता है तथा देश के राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों में शामिल है। इस सूचीबद्धता के माध्यम से झारखंड में लगभग 1.2 लाख पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके पात्र आश्रितों को ईसीएचएस के अंतर्गत उन्नत कैशलेस चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए मेजर जनरल जितेंद्र सिंह, वीएसएम ने कहा कि यह सूचीबद्धता पूर्व सैनिक समुदाय की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह साझेदारी देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों को समय पर उच्च गुणवत्ता वाली विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगी।
उन्होंने कहा कि यह साझेदारी बड़े पूर्व सैनिक समुदाय को उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा एक बड़ी आवश्यकता की पूर्ति करेगी। इससे झारखंड और बिहार के लाभार्थियों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के लिए दूर-दराज के महानगरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।


