Sahibganj News: दीप प्रज्वलन के साथ साहिबगंज में ‘संस्कृति ज्ञान महाअभियान’ का आगाज, बच्चों को बताए जाएंगे भारतीय संस्कृति के मूल्य

भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्या भारती विद्यालय, जमुनादास केदारनाथ चौधरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, साहिबगंज में ‘संस्कृति ज्ञान महाअभियान’ का शुभारंभ किया गया।

साहिबगंज:  भारतीय संस्कृति और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “संस्कृति ज्ञान महाअभियान” का शुभारंभ विद्या भारती विद्यालय, जमुनादास केदारनाथ चौधरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, साहिबगंज के वंदना कक्ष में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम मंदिर के पुजारी सोनू पांडे, विद्यालय की वरिष्ठ आचार्या किरण कुमारी गुप्ता और संस्कृति बोध परियोजना के साहिबगंज संकुल संयोजक आचार्य राघव वत्स ने सरस्वती माता, ओंकार एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्या किरण कुमारी गुप्ता ने पुजारी सोनू पांडे को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोनू पांडे ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की सबसे प्राचीन संस्कृति है। इसमें केवल मानव जीवन ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सृष्टि के लिए जीवन आदर्शों की अभिव्यक्ति निहित है। वहीं, संस्कृति बोध परियोजना के साहिबगंज संकुल संयोजक आचार्य राघव वत्स ने कहा कि “अनेकता में एकता” भारत की प्रमुख सांस्कृतिक विशेषता है और इसी भाव को बच्चों तक पहुंचाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

 कार्यक्रम के दौरान सोनू पांडे के साथ विद्यालय के समस्त आचार्य बंधुओं ने संयुक्त रूप से संस्कृति ज्ञान महाअभियान की पुस्तकों का विमोचन भी किया। महाअभियान का संचालन आचार्य अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More