‘आज तक कोई IPS अधिकारी जेल क्यों नहीं गया?’ बाबूलाल मरांडी ने उठाए भ्रष्टाचार पर सवाल
-1024x614.jpeg)
रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भ्रष्टाचार के मामलों में केवल IAS अधिकारियों की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि जब भ्रष्टाचार के आरोपों में IAS अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है, तो अब तक किसी IPS अधिकारी के जेल जाने की स्थिति क्यों नहीं बनी?
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कानून के हाथ प्रशासनिक तंत्र के अधिकारियों तक पहुंचते हैं, लेकिन पुलिस महकमे के रसूखदार अधिकारियों तक जांच की आंच क्यों नहीं पहुंचती। उन्होंने सवाल किया कि “आज तक कोई भी IPS अधिकारी जेल की सलाखों के पीछे क्यों नहीं गया?”
IAS अधिकारियों पर कार्रवाई, IPS पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार और सरकारी खजाने की कथित लूट के मामलों में कई शीर्ष IAS अधिकारियों को जेल जाना पड़ा है। उनके मुताबिक, जांच एजेंसियों ने कार्रवाई की और प्रशासनिक तंत्र के एक हिस्से में भ्रष्टाचार की स्थिति सामने आई। इसी संदर्भ में उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बड़े पैमाने पर अपराध और भ्रष्टाचार पुलिस की कथित मिलीभगत या संरक्षण के बिना चल सकता है?
मरांडी ने राज्य में कोयला, बालू, पत्थर और लौह अयस्क के अवैध कारोबार का जिक्र करते हुए पूछा कि इतने बड़े पैमाने पर कथित अवैध कारोबार बिना किसी पुलिस संरक्षण के कैसे चल सकता है।
पुलिस अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल
बाबूलाल मरांडी ने अवैध जमीन के कारोबार, रंगदारी वसूली और आपराधिक गिरोहों के साथ कथित पुलिस सांठगांठ जैसे मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस अधिकारियों के नाम सामने आने के बावजूद शीर्ष स्तर पर कार्रवाई को लेकर सवाल बने हुए हैं।
उन्होंने एक पूर्व DGP के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों से कथित संबंधों के आरोपों का भी जिक्र किया और सवाल किया कि ऐसे गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक किसी IPS अधिकारी के जेल जाने की स्थिति क्यों नहीं बनी।
‘IPS अधिकारियों को सात खून माफ’ क्यों?
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल किया कि क्या राज्य में संगठित अपराध और माफिया का इतना बड़ा नेटवर्क बिना किसी IPS अधिकारी की संलिप्तता के चल रहा है? उन्होंने कहा कि अगर IAS अधिकारियों तक कानून के हाथ पहुंच सकते हैं, तो पुलिस महकमे के शीर्ष अधिकारियों तक जांच की आंच क्यों नहीं पहुंचती?
मरांडी ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पूरे झारखंड को इस कथित असमानता पर विचार करना चाहिए। उन्होंने राज्य के ईमानदार IAS और IPS अधिकारियों से भी इस व्यवस्था पर गंभीरता से सोचने की अपील की।
उन्होंने सवाल किया कि जब भ्रष्टाचार के मामलों में सजा और बदनामी IAS अधिकारियों के हिस्से आ रही है, तो IPS अधिकारियों को ‘सात खून माफ’ जैसा विशेषाधिकार क्यों दिया जा रहा है?


