Sahebganj News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा ग्रामीण मंडल निकालेगा विशाल तिरंगा यात्रा

साहिबगंज: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और एकता का संदेश देने के लिए भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज ग्रामीण मंडल द्वारा गुरुवार को विशाल “तिरंगा यात्रा” का आयोजन किया जाएगा। मंडल अध्यक्ष अनुराग राहुल ने आमंत्रण जारी कर सभी देशभक्तों, नागरिकों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं माताओं-बहनों से यात्रा में भारी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
अनुराग राहुल ने बताया कि तिरंगा यात्रा सुबह 10:30 बजे साहिबगंज जिला मुख्यालय स्थित गांधी चौक से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूर्वी फाटक, साहिबगंज में समाप्त होगी। यात्रा का उद्देश्य देशभक्ति, एकता और गौरव के भाव को मजबूत करना है। यह यात्रा केंद्र सरकार के “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस महापर्व पर एकजुट होकर तिरंगे की शान बढ़ाई जाएगी।
अनुराग राहुल ने कहा कि तिरंगा हमारी अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हों और देशभक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाएं। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर को तिरंगे के रंगों से सजाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


