Koderma News: समाहरणालय में अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में पेंशन अदालत का हुआ आयोजन

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता संजय पीएम कूजूर की अध्यक्षता में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। पेंशन अदालत में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मामलों पर विचार-विमर्श किया गया। अपर समाहर्ता ने संबंधित पदाधिकारियों को सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित पावनाओं समेत अन्य देय मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पेंशन से संबंधित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो और सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। साथ ही अपर समाहर्ता ने जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को सेवानिवृत्त शिक्षकों के लंबित पेंशन एवं अन्य संबंधित मामलों का त्वरित गति से निष्पादन करने का निर्देश दिया।
मौके पर पेंशनर्स एसोसिएशन अध्यक्ष नारायण मोदी ने पेंशन अदालत के आयोजन के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। पेंशन अदालत में स्थापना उप समाहर्ता राम रतन बर्णवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार, कोषागार पदाधिकारी नजमुल लैल समेत अन्य पदाधिकारी, पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे।


