अरुणाचल पर चीन की बौखलाहट, भारत ने 27 जगहों के नाम बदले तो आया तमतमाता बयान

अरुणाचल प्रदेश: चीन लंबे समय से अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता आया है और इसे अपनी भाषा में 'जांगनान' नाम देता है. साल 2017 से चीन बार-बार अरुणाचल के विभिन्न इलाकों के नाम बदलने की कोशिश करता रहा है.

नेशनल डेस्क: भारत ने अरुणाचल प्रदेश के मसले पर चीन को उसी अंदाज में जवाब दिया, तो चीन की प्रतिक्रिया तीखी हो गई. चीन ने अरुणाचल प्रदेश की 27 जगहों के नामकरण को लेकर भारत की कड़ी आलोचना की है. सीमा से सटे इस क्षेत्र में इन 27 स्थानों के नाम आधिकारिक तौर पर घोषित किए जाने पर चीन ने भारत की निंदा की है, जिससे दोनों देशों के आपसी संबंधों में तनाव और गहरा गया है वह भी ऐसे समय में जब दोनों पक्ष वर्षों पुराने सीमा विवाद के बाद रिश्ते सुधारने की दिशा में प्रयासरत हैं.

चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि चीन इन क्षेत्रों के लिए जिन नामों का इस्तेमाल पहले से करता आया है, भारत का उन्हें बदलने का प्रयास न तो वैध है और न ही स्वीकार्य, और इस तरह के कदम से यह हकीकत नहीं बदलेगी कि जांगनान चीन का ही भूभाग है.

दरअसल, चीन की तरफ से बार-बार किए जा रहे नाटक और अरुणाचल प्रदेश के स्थानों के नाम एकतरफा तौर पर बदलने की कोशिशों का भारत ने कड़ा जवाब दिया है. भारत ने सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे में अरुणाचल प्रदेश की 27 अहम जगहों जिनमें झीलें, बस्तियां और स्मारक जैसी भौगोलिक विशेषताएं शामिल हैं के मानक नाम विधिवत रूप से दर्ज कर दिए हैं. भारत के इस कदम के बाद ही चीन की बौखलाहट सामने आई है, जबकि हकीकत यह है कि चीन खुद 2017 से लेकर अब तक कई बार अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न इलाकों के नाम बदलता रहा है.

गौरतलब है कि चीन अरुणाचल प्रदेश को लंबे समय से दक्षिणी तिब्बत का भाग मानता आया है और उसने इसे ‘जांगनान’ नाम दे रखा है. चीन के इन्हीं निराधार और मनगढ़ंत दावों को सिरे से नकारते हुए तथा सरकारी दस्तावेजों में सटीकता बनाए रखने के मकसद से भारत सरकार ने गृह मंत्रालय और अरुणाचल प्रदेश सरकार के साथ विचार-विमर्श कर इन 27 स्थानों के सही भारतीय नामों को आधिकारिक नक्शों और सरकारी रिकॉर्ड्स में शामिल किया है.

इससे पहले चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के मुखपत्र माने जाने वाले ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने भी इस विषय पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी. उस रिपोर्ट के मुताबिक, चीन काफी समय से इस क्षेत्र में भौगोलिक स्थानों के नामों को मानकीकृत करने का काम करता आ रहा है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जिस दौर में भारत-चीन संबंधों में सुधार के संकेत नजर आ रहे हैं और दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बहुपक्षीय मंचों पर संवाद की संभावना जताई जा रही है, ऐसे समय में भारत की तरफ से उठाया गया कोई भी एकतरफा कदम, जो सीमा पर हालात को और उलझा दे, निरर्थक साबित होगा और इससे दोनों देशों के व्यापक संबंधों को कोई लाभ नहीं मिलेगा.

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More