Sports News: डूरंड कप का रोमांच: रांची में मैच का लाइव मजा लेंगे साहिबगंज के 50 खिलाड़ी

साहिबगंज: फुटबॉल के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट डूरंड कप का रोमांच अब साहिबगंज के खिलाड़ी भी करीब से महसूस करेंगे। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड रांची के निर्देश पर जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय की पहल से जिले के 50 खिलाड़ी आज रांची में डूरंड कप का मैच देखने पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को साहिबगंज स्थित सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र और नवसृजित बालक फुटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के कुल 50 खिलाड़ी रांची के लिए रवाना हुए।
खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षक योगेश यादव भी मौजूद हैं। सभी खिलाड़ी 10 अगस्त की संध्या 7 बजे रांची स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को स्टेडियम में बैठकर देखेंगे। इस मैच में एससी दिल्ली और इंडियन एयर फोर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। डूरंड कप जैसे राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट को प्रत्यक्ष देखने को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है।
खिलाड़ियों का कहना है कि टेलीविजन पर मैच देखने और स्टेडियम में बैठकर माहौल महसूस करने में जमीन-आसमान का फर्क होता है। बड़े स्तर की टीमों और खिलाड़ियों को करीब से खेलते देखना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव होगा। इससे उन्हें खेल की बारीकियों, रणनीति और अनुशासन को समझने में मदद मिलेगी, जिसका फायदा वे भविष्य में अपने प्रदर्शन में ले सकेंगे।
जिला प्रशासन और जिला खेल कार्यालय की इस पहल से खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। खिलाड़ियों ने इस अवसर को उपलब्ध कराने के लिए खेल विभाग और झारखंड सरकार के प्रति आभार जताया। खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के एक्सपोजर से जिले के युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें अपने कौशल को निखारकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर साहिबगंज का नाम रोशन करने की प्रेरणा मिलेगी।


