Sahebganj News: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दीप प्रज्वलित कर आदिवासी महोत्सव का किया शुभारंभ

साहिबगंज: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को साहिबगंज में “झारखंड आदिवासी महोत्सव- 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम से पहले उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष, त्याग और बलिदान आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, कला, भाषा और विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। आदिवासी समुदाय ने देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए जीवन समर्पित करने वाले झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
आयोजित समारोह में उपायुक्त ने आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर उनके संघर्ष, त्याग और ऐतिहासिक योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के निर्माण की गाथा में आंदोलनकारियों का योगदान सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा। कार्यक्रम में वन प्रमंडल पदाधिकारी ने भी बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने झारखंड की समृद्ध जनजातीय विरासत को जीवंत किया। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को सम्मानित करते हुए समावेशी समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। अंत में उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं और भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए जिले के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।


