Ranchi News: CCL कर्मी के आश्रित को मिला 1 करोड़ का दुर्घटना मृत्यु लाभ, PNB कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज बना सुरक्षा कवच

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने कर्मचारियों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुजू क्षेत्र के जीएम यूनिट स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के तहत दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को ₹1 करोड़ की दुर्घटना मृत्यु लाभ राशि का चेक सौंपा।
यह लाभ कर्मा परियोजना, कुजू क्षेत्र में कार्यरत दिवंगत बसुदेव महतो, पूर्व सहायक (ग्रेड-डी) के आश्रितों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनकी माता भोखरी देवी को सीसीएल और पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से ₹1 करोड़ का चेक सौंपा गया।
सीसीएल अधिकारियों ने बताया कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज (CSP) के अंतर्गत दुर्घटना मृत्यु लाभ के दावे का यह सातवां सफल निपटान है। यह योजना आकस्मिक परिस्थितियों में कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
कार्यक्रम में कुजू क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा, विभागाध्यक्ष (कार्मिक एवं औद्योगिक संबंध) पल्लब चक्रवर्ती, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन) रूबी रंजन, उप प्रबंधक (मानव संसाधन) सुचित्रा मुखर्जी, परियोजना पदाधिकारी रमेश्वर मुंडा तथा स्टाफ ऑफिसर (एचआर) सुमित प्रज्ञ सारंगी उपस्थित रहे।
पंजाब नेशनल बैंक की ओर से हजारीबाग सर्किल हेड दीपक कुमार वर्मा, मार्केटिंग हेड रोहित, कुजू शाखा प्रबंधक ईशाक बरला, शाखा प्रबंधक ब्रह्मांड साह तथा PNB मेटलाइफ के सर्किल हेड बिनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
इस दौरान अधिकारियों ने दिवंगत कर्मचारी के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज केवल बैंकिंग सुविधा नहीं, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच है। उन्होंने कर्मचारियों से योजना के तहत उपलब्ध बीमा एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी लेकर अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि कर्मचारी कल्याण के लिए ऐसे प्रयास भविष्य में भी जारी रहेंगे।


