Palamu News: शिकायत के बाद ताराचक विद्यालय की जांच, स्कूल में मिली कई गंभीर अनियमितताएं

पलामू: सेमरबार पंचायत अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, ताराचक में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई प्रशासनिक जांच में कई गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पारितोष प्रियदर्शी के निर्देश पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें शैक्षणिक व्यवस्था और अभिलेखों में कई खामियां सामने आईं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने बीडीओ को आवेदन देकर विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति, पठन-पाठन एवं शैक्षणिक व्यवस्था में अनियमितता का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर प्रशासन ने विद्यालय की जांच कराई।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। जांच के क्रम में यह भी जानकारी मिली कि विद्यालय में नामांकित बच्चे पढ़ाई के लिए पास के एक अन्य विद्यालय में जाते हैं। वहीं उपस्थिति पंजी की जांच में पिछले लगभग दो माह से विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज नहीं पाई गई। जांच के दौरान उपस्थिति पंजी में दर्ज कुछ छात्रों एवं उनके अभिभावकों के नाम भी संदिग्ध पाए गए। इसके अलावा जब जांच दल ने नामांकन पंजी की मांग की तो प्रधानाध्यापक ने अलमारी की चाबी उपलब्ध नहीं होने की बात कही, जिसके कारण संबंधित अभिलेख की जांच नहीं हो सकी। इन सभी तथ्यों का उल्लेख जांच दल ने अपनी रिपोर्ट में किया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी पारितोष प्रियदर्शी ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


