Student Protest: बाबूलाल मरांडी ने सदर अस्पताल पहुंच अनशनकारी छात्रों से की मुलाकात, जाना कुशलक्षेम
-1024x614.jpeg)
पलामू/रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सदर अस्पताल पहुंचकर अनशन पर बैठे छात्रों राहुल क्रांति और ब्रजकिशोर से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। दोनों छात्र जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और युवाओं के हक-अधिकार की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं। राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद बाबूलाल मरांडी इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अनशनकारी छात्रों का बढ़ाया हौसला
बाबूलाल मरांडी ने लगातार बारिश के बीच धरना दे रहे कोडरमा के छात्र ब्रजकिशोर और पलामू के छात्र राहुल क्रांति के संघर्ष की सराहना की। उन्होंने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हठधर्मी सरकार के कारण उन्हें अपनी जान नहीं देनी है, बल्कि अभी लंबी लड़ाई लड़नी है।
राहुल क्रांति के मामले का किया उल्लेख
मरांडी ने कहा कि राहुल क्रांति ने परीक्षा दी थी और परिणाम आने के बाद अधिक अंक होने के बावजूद उनका चयन नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में अलग-अलग हिस्सों में परिणाम जारी किए जाते हैं। उनके अनुसार, राहुल क्रांति ने मामले को लेकर हाई कोर्ट का रुख किया और वहां से डिग्री मिलने के बावजूद उन्हें नौकरी नहीं दी गई।
सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट के फैसले के बाद भी सरकार और जेएसएससी ने मामले को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार संवेदनशील होती तो छात्र का साक्षात्कार लेकर उसे नियुक्ति देती। उन्होंने सवाल उठाया कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र आखिर कब तक पढ़ाई छोड़कर कानूनी लड़ाई लड़ते रहेंगे।
JPSC-JSSC पदाधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
बाबूलाल मरांडी ने जेपीएससी और जेएसएससी के अध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, सचिव समेत महत्वपूर्ण पदों पर बैठे अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की भी मांग दोहराई।
युवाओं की आवाज है आंदोलन: मरांडी
मरांडी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 के बाद झारखंड में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों का संघर्ष केवल व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि यह राज्य के उन युवाओं की आवाज है जो रोजगार और न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
इस दौरान प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी और रजनीश पांडेय भी मौजूद रहे।


