Dumka News: एस.पी. कॉलेज में सीट कटौती के खिलाफ छात्र समन्वय समिति की अनिश्चितकालीन तालाबंदी
-1024x614.jpeg)
दुमका: एस.पी. कॉलेज, दुमका में स्नातक सीटों में भारी कटौती के विरोध में छात्र समन्वय समिति, संताल परगना प्रमंडल के नेतृत्व में गुरुवार को महाविद्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी प्रारंभ कर दी गई। छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा एस.पी. कॉलेज की स्नातक सीटों को 5,570 से घटाकर 2,820 कर देना छात्र हितों के विरुद्ध निर्णय है, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ गया है।छात्र समन्वय समिति ने कहा कि कई गरीब, आदिवासी, ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्र सरकारी महाविद्यालयों में नामांकन की आशा रखते हैं।
सीटों में भारी कटौती के कारण बड़ी संख्या में छात्र उच्च शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। समिति ने मांग की कि सीट कटौती का आदेश तत्काल वापस लिया जाए तथा प्रत्येक योग्य छात्र-छात्रा का नामांकन सुनिश्चित किया जाए।समिति ने एस.पी. कॉलेज में एलएलबी पाठ्यक्रम को पुनः प्रारंभ करने, भूगोल सहित अन्य आवश्यक विषयों की पढ़ाई शुरू करने तथा बी.एड. महाविद्यालयों से संबंधित लंबित समस्याओं का समाधान करने की भी मांग की।
छात्र नेताओं ने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 10 अगस्त (सोमवार) से सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका मुख्यालय में भी अनिश्चितकालीन तालाबंदी एवं व्यापक छात्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।समिति ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन छात्रों के शिक्षा के अधिकार, समान अवसर और संताल परगना के युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए किया जा रहा है।
साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में तत्काल निर्णय लेने की अपील की गई।तालाबंदी कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. श्यामदेव हेंब्रम, राजीव बास्की, संतोष मरांडी, श्रीराम टुडू, हापना सोरेन, मुकेश सोरेन, दीपक टुडू, कैलाश हाँसदा, इमैनुएल टुडू, राहुल कुमार हेंब्रम, कान्हू हेंब्रम, शिवराम हेंब्रम, पिंटू मरांडी, बुलाय कोड़ा, मुरलीधर मरांडी, नितेश हेंब्रम, आशीष सोरेन, बिंदु मरांडी, कुंदन मुर्मू, सेबास्टियन सोरेन, अजय सोरेन, मनोज टुडू, सोगलन मुर्मू सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।


