JPSC विवाद: सुदिव्य कुमार बोले- छात्रों से बातचीत के बाद होगा निर्णय, CBI जांच पर सरकार करेगी विचार

झारखंड सरकार ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के संकेत दिए हैं। मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार CBI जांच की मांग सहित सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले को संवेदनशीलता के साथ देख रहे हैं। वहीं ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी स्पष्ट किया कि छात्र प्रतिनिधिमंडल से बातचीत के बाद ही CBI जांच पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

रांची: झारखंड सरकार ने JPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता के संकेत दिए हैं। विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच आज वार्ता हो सकती है। उन्होंने कहा कि CBI जांच की मांग सहित सभी पहलुओं पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

सुदिव्य कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ कदम उठा रहे हैं और सरकार छात्रों की बात सुनने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले की JPSC परीक्षा से जुड़े CBI जांच के परिणाम अभी तक सामने नहीं आए हैं, इसलिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए सुदिव्य कुमार ने कहा कि जो नेता आज छात्र हित की बात कर रहे हैं, उन्हें पहले अपने रिश्तेदारों से इस्तीफा दिलवाना चाहिए, उसके बाद छात्रों के हितों की बात करनी चाहिए।

दीपिका पांडे सिंह का बयान, छात्र प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद CBI जांच पर फैसला
विधानसभा परिसर में JPSC मामले पर पत्रकारों से बातचीत करते ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह।

इधर, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने भी कहा कि सरकार छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ होने वाली वार्ता के बाद ही CBI जांच के मुद्दे पर अंतिम निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से सुन रही है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्यभर में छात्र आंदोलन जारी है। ऐसे में सरकार और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच प्रस्तावित वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

 
 
 
लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More