Sahibganj News: :हावड़ा–राजगीर स्पेशल ट्रेन की वापसी की उम्मीद, साहिबगंज रूट के यात्रियों को राहत

साहिबगंज: पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 03029/03030 हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन को अगले कुछ दिनों में फिर से चलाए जाने की संभावना जताई जा रही है। यह ट्रेन वाया साहिबगंज, रामपुरहाट-भागलपुर मार्ग से होकर गुजरेगी।
इस स्पेशल के दोबारा शुरू होने से पश्चिम बंगाल के बोलपुर, रामपुरहाट, झारखंड के पाकुड़, बरहरवा, साहिबगंज और बिहार के कहलगांव, भागलपुर, जमालपुर के अलावा अन्य यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इन स्टेशनों से हावड़ा और राजगीर आने-जाने वाले यात्रियों को अभी तक वैकल्पिक ट्रेनों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
रेल सूत्रों के अनुसार, शुरुआती योजना के तहत यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चल सकती है। बाद में इस ट्रेन को रोजाना चलाने पर भी विचार किया जा सकता है। यात्रियों की मांग को देखते हुए भविष्य में इसे नियमित ट्रेन का दर्जा दिए जाने की भी संभावना है। फिलहाल यह जानकारी संभावनाओं और यात्रियों की उम्मीद पर आधारित है। भारतीय रेलवे की तरफ से टाइम, टेबल और तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि टिकट बुकिंग से पहले रेलवे की वेबसाइट या स्टेशन पर अंतिम पुष्टि जरूर कर लें। उल्लेखनीय है कि 03029/03030 हावड़ा-राजगीर स्पेशल पहले भी इस रूट पर काफी लोकप्रिय ट्रेन रही है, क्योंकि यह हावड़ा को बिहार के नालंदा और राजगीर से सीधे जोड़ती है। ट्रेन के फिर शुरू होने से पूजा-पाठ, पर्यटन और रोजमर्रा के सफर करने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।


