Palamu Crime News: गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार, पैरोल पर पहुंचीं पत्नी रिया, बेटे अक्षत ने दी मुखाग्नि
_samridh_1200x720-1024x614.jpeg)
पलामू: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का बुधवार सुबह पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र स्थित पैतृक गांव मरहा पथरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम संस्कार किया गया। एक दिन के पैरोल पर चाईबासा जेल से पहुंचीं पत्नी रिया सिन्हा की मौजूदगी में 12 वर्षीय पुत्र अक्षत कुमार ने धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अपने पिता को मुखाग्नि दी।
एक दिन के पैरोल पर अंतिम संस्कार में शामिल हुईं पत्नी रिया
सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन का पैरोल दिया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच वह चाईबासा जेल से मरहा पथरा गांव पहुंचीं और सीधे अपने पति के पार्थिव शरीर के पास गईं।
पति के पार्थिव शरीर को देखकर भावुक हुईं रिया
पति का पार्थिव शरीर देखते ही रिया सिन्हा अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं। वह शव से लिपटकर रो पड़ीं। इस दौरान पुत्र अक्षत कुमार भी अपने पिता के शव से लिपटकर बिलख पड़ा। वहां मौजूद लोगों ने परिवार को सांत्वना दी।
अंतिम यात्रा में उमड़ी लोगों की भीड़
गांव के कररबार नदी तट पर धार्मिक रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम दर्शन और अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल हुए। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
संभावित भीड़ और कानून-व्यवस्था को देखते हुए पलामू जिला प्रशासन ने हुसैनाबाद से मरहा पथरा गांव तक भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी। अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहीं।
हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में हुई थी मौत
गौरतलब है कि हाल ही में जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा मारा गया था। मंगलवार को उसका शव छोटे भाई अरुण के साथ पैतृक गांव लाया गया था। इसके बाद पत्नी रिया सिन्हा के पैरोल की प्रक्रिया पूरी होने पर बुधवार को अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।


