Adivasi Mahotsav 2026: समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों तैयारियां: वंदना दादेल

रांची के मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों का गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मंच निर्माण, स्टॉल, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

रांची:  गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव 2026 की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आगंतुकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और आयोजन राज्य की सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होना चाहिए।

उन्होंने मंच निर्माण, विभिन्न स्टॉलों की व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी एजेंसियां आपसी सहयोग से कार्य करें ताकि आदिवासी महोत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पारस राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 
 
 

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More