Hazaribagh News: SIR-2026 ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर निसार खान की मतदाताओं से खास अपील

हजारीबाग: जिला कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष निसार खान ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि एसआईआर-2026 की ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद केवल अपना नाम देखकर संतुष्ट न हों, बल्कि सूची में दर्ज प्रत्येक विवरण की सावधानीपूर्वक जांच करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मतदान का अधिकार है। इसलिए मतदाताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मतदाता सूची में उनके नाम की वर्तनी, फोटो, पता, मतदान केंद्र, भाग संख्या (Part Number), क्रमांक संख्या (Serial Number) और अन्य सभी विवरण सही दर्ज हों।
निसार खान ने कहा कि अक्सर मतदाता सूची में नाम तो दर्ज रहता है, लेकिन वर्तनी, फोटो, पता या अन्य जानकारियों में त्रुटियां रह जाती हैं। ऐसी गलतियां भविष्य में मतदान के दौरान अनावश्यक परेशानी का कारण बन सकती हैं। इसलिए प्रत्येक मतदाता का दायित्व है कि वह समय रहते अपने सभी विवरणों की जांच कर आवश्यक सुधार कराए।
उन्होंने विशेष रूप से मतदाताओं से अपील की कि यदि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि दिखाई दे तो संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी अथवा बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल सुधार कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
निसार खान ने कहा कि जागरूक मतदाता ही लोकतंत्र को मजबूत बनाते हैं। इसलिए सभी नागरिक ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद अपने नाम के साथ-साथ उससे संबंधित प्रत्येक जानकारी का भी सत्यापन अवश्य करें।


