Deoghar News: श्रावणी मेला 2026 आजसू पार्टी ने देवघर में लगाया कांवरिया सेवा शिविर

विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के दौरान देवघर में आजसू पार्टी जिला कमेटी ने श्रद्धालु कांवरियों की सेवा के लिए विशेष सेवा शिविर लगाया। जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य और केंद्रीय सचिव राजा साहनी के नेतृत्व में आयोजित शिविर में फल, जूस, पेयजल, जलपान और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों और स्वयंसेवकों की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण, प्राथमिक उपचार और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता भी प्रदान की।

देवघर:  विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले के दौरान आजसू पार्टी देवघर जिला कमेटी द्वारा श्रद्धालु कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य एवं पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में बाबा नगरी पहुंचे हजारों शिवभक्तों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

सेवा शिविर में कांवरियों के बीच फल, जूस, पेयजल एवं अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लंबी पदयात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य किया। शिविर में विश्राम और जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सके।

इसके साथ ही शिविर में स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकों और स्वयंसेवकों की टीम ने श्रद्धालुओं का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा जरूरतमंद कांवरियों को प्राथमिक उपचार, मलहम-पट्टी और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता प्रदान की। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लाभ उठाया।

जिला अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य ने कहा कि श्रावणी मेला केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि मानव सेवा का भी एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सेवा करना सौभाग्य की बात है और आजसू पार्टी समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सहायता में जुटे हुए हैं।

पार्टी के केंद्रीय सचिव राजा साहनी ने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सेवा शिविर के माध्यम से लगातार सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।

इस अवसर पर आजसू पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य को सफल बनाया और श्रद्धालुओं की सहायता कर मानव सेवा का संदेश दिया। श्रावणी मेले के दौरान पार्टी द्वारा चलाया गया यह सेवा अभियान श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण और सराहना का केंद्र बना रहा।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More