Sahibganj News: बरहरवा में नाली निर्माण बना हादसे का कारण बिना बैरिकेडिंग के खुला गड्ढा बना खतरा

साहिबगंज जिले के बरहरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-03 स्थित पहाड़ी बाबा चौक के पास सड़क किनारे नाली निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी सामने आई है। निर्माण स्थल पर गहरा गड्ढा होने के बावजूद न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड या रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। यह मार्ग काफी व्यस्त होने के कारण स्थानीय लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है।

साहिबगंज: बरहरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या- 03, पहाड़ी बाबा चौक (मस्जिद के बगल) में सड़क किनारे नाली निर्माण कार्य चल रहा है। विकास कार्य सराहनीय है लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नाली निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरा गड्ढा खोदा गया है लेकिन न तो बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है।    

उल्लेखनीय है कि यह मार्ग बरहरवा के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है जहां दिन-रात आवागमन लगा रहता है। ऐसे में हादसे की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा विकास कार्य तो किया जा रहा है लेकिन आम जनता की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। शाम ढलते ही इस स्थान पर अंधेरा हो जाता है और बिना बैरिकेड तथा रिफ्लेक्टर के वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को गड्ढे का पता नहीं चल पाता।

स्थानीय ग्रामीणों ने ठेकेदार तथा विभाग से निवेदन किया है कि आम जनता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतक लगवाए जाएं ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। लोगों का मानना है कि विकास के साथ सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है और जनता की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More