Sahibganj News: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में साहिबगंज के 5 नेताओं को मिली जिम्मेदारी, जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने दी बधाई

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची जारी होने के बाद साहिबगंज जिले को संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से गणेश प्रसाद तिवारी, कृपानाथ मंडल, रामानंद साह, धर्मेंद्र कुमार और मंडल मुर्मु को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बनाया गया है, जबकि कमल कृष्ण भगत को विशेष आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है।

साहिबगंज:  प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य एवं स्थायी आमंत्रित सदस्य की नई सूची जारी की गई है। इस सूची में साहिबगंज जिले से पांच नेताओं को प्रदेश कार्य समिति सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।

प्रदेश नेतृत्व द्वारा गणेश प्रसाद तिवारी, कृपानाथ मंडल, रामानंद साह, धर्मेंद्र कुमार एवं मंडल मुर्मु को प्रदेश कार्य समिति सदस्य मनोनीत किया गया है। जबकि कमल कृष्ण भगत का विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मनोनयन हुआ है। ये सभी नेता लंबे समय से संगठन से जुड़कर जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का आभार व्यक्त करते हुए सभी पांच मनोनीत नेताओं को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं दी हैं। जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी ने साहिबगंज के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं पर भरोसा जताया है। यह जिले के लिए गर्व का विषय है।

 उन्होंने कहा कि नई कार्यसमिति के गठन से जिले में संगठन और मजबूत होगा। नवनियुक्त सदस्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और पार्टी के विचारों को गांव-गांव तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं का मनोबल भी बढ़ेगा।

जिलाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि सभी सदस्य संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे और जिले की समस्याओं को प्रदेश नेतृत्व तक मजबूती से रखेंगे। मनोनयन की खबर मिलते ही जिले भर के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। सभी ने नवनियुक्त नेताओं को बधाई दी।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More