सर जे. सी. बोस मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका), गिरिडीह में इको क्लब ने किया पौधारोपण

गिरिडीह: सर जे. सी. बोस मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका), गिरिडीह में 27 जुलाई 2026 को विद्यालय की इको क्लब इकाई के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा, स्थानीय वार्ड पार्षद संगीता कुमारी एवं नवचयनित एसएमसी अध्यक्ष पिंकी देवी की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का नेतृत्व इको क्लब प्रभारी संजीव विश्वकर्मा ने किया। विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा, “जीवन का आधार है वायु और पेड़-पौधे ही हमें देते हैं प्राणवायु।”
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं पापिया सरकार, अमरेश कुमार, अनीता मिश्रा एवं राकेश कुमार ने भी विद्यार्थियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में इको क्लब के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


