Dumka News: कृषि एवं वन अराजपत्रित कर्मचारियों ने सचिव अबूबकर सिद्दीक से की मुलाकात, उठाईं मांगें

दुमका: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव तथा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त प्रभार सचिव अबूबकर सिद्दीक पी., आईएएस से गुरुवार को कृषि एवं वन अराजपत्रित कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर लिपिकीय संवर्ग से जुड़े वर्षों से लंबित सेवा मामलों को प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने सेवा नियमावली के गठन, पदोन्नति प्रक्रिया तथा कर्मचारियों के सेवा हितों से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की।प्रतिनिधिमंडल में मो. समीउद्दीन, प्रदेश अध्यक्ष, कृषि अराजपत्रित संघ अरविन्द तिवारी (प्रमंडलीय मंत्री, वन अराजपत्रित एवं सहायक महामंत्री, राज्य महासंघ) /शिवेश कुमार (वन विभाग, प्रमंडलीय मंत्री, राज्य महासंघ) /ओम प्रकाश (वन विभाग, कोषाध्यक्ष, वन अराजपत्रित) / संत कुमार झा (संघर्ष मंत्री), शैलेन्द्र तिवारी (सहायक महामंत्री, राज्य महासंघ) / शर्मिला ठाकुर (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तथा वीरेंद्र कुमार यादव (महामंत्री, राज्य महासंघ) शामिल थे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कृषि, उद्यान एवं भूमि संरक्षण विभाग तथा वन विभाग के लिपिकीय संवर्ग के लिए दीर्घकाल से लंबित सेवा नियमावली के गठन और लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग प्रमुखता से रखी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नियमावली एवं पदोन्नति के अभाव में कर्मचारियों के सेवा हित लंबे समय से प्रभावित हो रहे हैं।
विभागीय सचिव अबूबकर सिद्दीक पी. ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि इन विषयों पर विशेष प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा सेवा नियमावली के गठन एवं पदोन्नति संबंधी प्रक्रिया को यथाशीघ्र आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने सचिव महोदय के सकारात्मक दृष्टिकोण का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सरकार कर्मचारियों की वर्षों पुरानी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर लिपिकीय संवर्ग को राहत प्रदान करेगी।


