भाजपा अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कर रही राष्ट्रीय ड्रामा, कांग्रेस कार्यालय घेराव राजनीतिक प्रपंच : कांग्रेस

रांची: भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में कांग्रेस कार्यालयों के घेराव के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यालयों का घेराव कोई जनआंदोलन नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों से लोगों का ध्यान भटकाने का राजनीतिक प्रयास है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बुधवार को कहा कि पिछले 12 वर्षों से केंद्र की सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, किसानों की समस्याओं और रोजगार जैसे मुद्दों पर जवाब देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के सवालों से बचने के लिए भाजपा विपक्ष को निशाना बना रही है।
उन्होंने बताया कि भाजपा के घेराव कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी बारिश के बीच डटे रहे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
राकेश सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली पार्टी है और उसका इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष का रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दबाव या विरोध से पीछे हटने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस ने भाजपा से महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की आय, युवाओं को रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जवाब देने की मांग की। पार्टी का आरोप है कि भाजपा इन सवालों से ध्यान हटाने के लिए कांग्रेस कार्यालयों के घेराव जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष को दबाने और राजनीतिक प्रतिशोध की राजनीति करने का प्रयास कर रही है। पार्टी ने कहा कि वह संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपना संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन में सुनील सहाय, राकेश सिन्हा, लाल किशोर नाथ शाहदेव, एम. तौसीफ, सोनाल शांति, सुरेंद्र सिंह, आभा सिन्हा, राजन वर्मा, विजय शंकर नायक, राजेश सिन्हा ‘सनी’, अख्तर अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।


